TravelUttarakhand

नववर्ष पर परिवहन निगम को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री धामी ने 100 नई बसों को दिखाई हरी झंडी

एसी व स्लीपर बसों का लोकार्पण, ‘अनवरत’ स्मारिका व सड़क सुरक्षा कैलेंडर का विमोचन, कर्मठ कर्मचारियों का सम्मान

देहरादून, (दिलीप शर्मा): नववर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल 100 नई बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 10 एसी एवं 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी आमजन को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा एवं ईमानदारी से सेवा देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था नागरिक सुविधा के साथ-साथ आर्थिक विकास के लिए भी अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार परिवहन निगम को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों एवं कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। सरकार ने निगम कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए में वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का क्रियान्वयन तथा नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर करने की दिशा में कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवहन निगम को केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के साथ उत्तराखंड निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button