राष्ट्रीय ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन
अनुज गौड़ और दीपाली ने जीता स्वर्ण पदक, नवीन रयाल को मिला विशेष सम्मान

टिहरी गढ़वाल(दिलीप शर्मा): असम के गुवाहाटी स्थित भूगेश्वरी फुकानानी इंडोर स्टेडियम में 29 से 31 मई तक आयोजित 19वीं राष्ट्रीय सीनियर ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों और अधिकारियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया।
चैंपियनशिप में उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ का प्रतिनिधित्व करते हुए सार्थक सेमवाल और गंगा मेहरा ने सफलतापूर्वक रेफरी कोर्स पूर्ण किया, जबकि अनुज गौड़ ने कोच कोर्स पूरा कर अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के दौरान वेटरन्स वर्ग में अनुज गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं दीपाली ने भी स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। चांदनी और प्रीति ने रजत पदक हासिल कर उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया।

नवीन रयाल को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में उत्तराखंड ग्रेपलिंग संघ के महासचिव नवीन रयाल को दोनों प्रतियोगी मैटों का डायरेक्टर तथा रेफरी काउंसिल का सचिव नियुक्त किया गया था। उनके कुशल नेतृत्व और तकनीकी योगदान के चलते प्रतियोगिता का सफल संचालन हुआ। प्रतियोगिता के समापन पर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया।

राज्य में ग्रेपलिंग खेल को मिल रही नई पहचान
खेल जगत में उत्तराखंड की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह सफलता राज्य में ग्रेपलिंग खेल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। महासचिव नवीन रयाल के नेतृत्व में उत्तराखंड में ग्रेपलिंग खेल का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।
संघ के अध्यक्ष अखिलेश मित्तल, कोषाध्यक्ष सागर गर्ग, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, समाजसेवी धीरेंद्र रयाल तथा डॉ. राजेंद्र नेगी ने सभी पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।






