उत्तराखंडदेहरादूनपुलिस बुलेटिन

ऑपरेशन प्रहार: युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

पैसों के लेन-देन के विवाद में होटल पहुंचकर की थी मारपीट, युवक गंभीर रूप से घायल

ऋषिकेश, 02 जून(दिलीप शर्मा): देहरादून पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत ऋषिकेश में युवक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को राजपुर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को ऋषिकेश निवासी दिनेश कोठारी ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने परिचितों को कारोबार के लिए धन उधार दिया था। जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। आरोप है कि दबाव बनाए जाने पर आरोपी अपने साथियों के साथ उनके होटल पहुंचे और उनके तथा उनके पुत्र सागर कोठारी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। घटना में सागर कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 177/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने विवेचना थानाध्यक्ष वसंत विहार को सौंपी और शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए। साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार को घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • योगेश राठी (37 वर्ष) पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी पार्क वेल्स हाउस नंबर-601, मालसी, राजपुर रोड, देहरादून। मूल निवासी सनसिटी सेंटर, अर्बन स्टेट, रोहतक (हरियाणा)।
  • पार्थ सिंह (24 वर्ष) पुत्र स्व. वीरेंद्र पाल सिंह, निवासी टीएचडीसी कॉलोनी, ऋषिकेश।

जांच एवं गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम

  • उ.नि. शैंकी कुमार, थानाध्यक्ष वसंत विहार
  • अ.उ.नि. महेंद्र सिंह नेगी
  • हे.का. जितेंद्र सिंह
  • का. हेमवती नंदन
  • का. शार्दुल

पुलिस का संदेश

देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button