

ऋषिकेश, 2 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटियों की उल्लेखनीय सफलता पर उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाली बेटियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश निवासी मीनाक्षी भाटिया के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर चयनित होने पर डॉ. अग्रवाल ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी माता को शॉल ओढ़ाकर बधाई दी। वहीं क्षेत्र की होनहार बेटी नैना अग्रवाल के वाणिज्य कर अधिकारी पद पर चयनित होने पर उन्हें भी पगड़ी पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मीनाक्षी भाटिया ने विषम परिस्थितियों में यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि मीनाक्षी के सिर से पिता का साया उठ चुका है, इसके बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुछ समय पूर्व उनकी बड़ी बहन शिल्पा भाटिया का चयन जिला सांख्यिकी अधिकारी पद पर हुआ था, जो पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इन प्रतिभाशाली बेटियों ने न केवल ऋषिकेश बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणादायी हैं और यह संदेश देती हैं कि दृढ़ संकल्प एवं मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने सभी चयनित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जितेंद्र पाल पाठी, मंडल महामंत्री हर्ष पाल, विनोद अग्रवाल, पारस अग्रवाल, शिल्पा भाटिया, नीलम भाटिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










