उत्तराखंडजनहित

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से 3848 लाभार्थियों को 33.22 करोड़ की सहायता

धामी बोले—उत्तराखंड का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनेगा

देहरादून, 17 दिसंबर (दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से ऑनलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 3848 लाभार्थियों के बैंक खातों में 33.22 करोड़ रुपये की धनराशि ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे पलायन रुके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना कोविड काल में लौटे प्रवासियों, युवा उद्यमियों, कारीगरों और शिक्षित बेरोजगारों के लिए प्रभावी साबित हुई है। योजना के तहत विनिर्माण इकाइयों के लिए 25 लाख और सेवा व व्यापार क्षेत्र के लिए 10 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा दी जा रही है, जिसमें 15 से 25 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है। अब तक योजना से 35 हजार से अधिक लाभार्थी जुड़ चुके हैं और 1,389 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरण कर लगभग 65 हजार रोजगार सृजित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 लागू की गई है, जिसमें सब्सिडी की सीमा बढ़ाकर 30 प्रतिशत की गई है। साथ ही विशेष श्रेणियों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने इसे प्रदेश के छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए “गेम चेंजर योजना” बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी सुने। उन्होंने कहा कि यह योजना आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है और सरकार पारदर्शी व तकनीक आधारित प्रणाली के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ा रही है।

इस अवसर पर सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय सहित उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button