उत्तराखंडएम्स ऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश में शुरू हुई पीईटी-सीटी स्कैन सुविधा, कैंसर रोगियों को मिलेगा बड़ा लाभ

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं आयुष राज्यमंत्री प्रताप राव जाधव ने किया उद्घाटन

ऋषिकेश, 6 अगस्त 2025-उत्तराखंड के एम्स ऋषिकेश में रोगियों के लिए पीईटी-सीटी स्कैन (पेट स्कैन) सुविधा की शुरुआत हो गई है। इस अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा का विधिवत उद्घाटन बुधवार को केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव ने किया।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश व अन्य समीपवर्ती राज्यों के कैंसर रोगियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगी। यह उत्तराखंड का पहला सरकारी संस्थान है, जहां पीईटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने इसे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के निदान और उपचार में एक मील का पत्थर बताया।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा कदम
नई शुरू की गई पीईटी-सीटी स्कैन सुविधा, पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी और कंप्यूटेड टोमोग्राफी को एकीकृत करती है। इससे कैंसर, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी समेत अन्य बीमारियों की गहन जांच संभव हो सकेगी।

इस अवसर पर एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि यह सुविधा संस्थान की नैदानिक क्षमताओं में महत्वपूर्ण विस्तार है। उन्होंने इसे विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा करार देते हुए कहा कि इससे निदान की गुणवत्ता में बड़ा सुधार आएगा।

न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की प्रमुख प्रो. मनीषी एल. नारायण ने कहा कि यह तकनीक उन रोगियों के लिए नई उम्मीद की किरण है जो कैंसर से जूझ रहे हैं, लेकिन उपचार की ओर आशा रखते हैं।

आयुष सेवाओं को भी मिला विस्तार
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एम्स के आयुष विभाग में ‘सुश्रुत ज्ञान सेतू पुस्तकालय’ और टेली कंसलटेंसी स्वास्थ्य सेवा का भी शुभारंभ किया। आयुष विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका पठानिया व वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीलय मोहंती ने जानकारी दी कि पुस्तकालय में इंटीग्रेटेड मेडिसिन से संबंधित 500 से अधिक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।

आपदा प्रबंधन का भी लिया जायजा
मंत्री प्रताप राव जाधव ने ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा के साथ उत्तरकाशी में आई आपदा के घायलों के इलाज के लिए की गई तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विशिष्ट उपस्थिति
इस अवसर पर डीन रिसर्च प्रो. शैलेन्द्र हांडू, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री, प्रभारी डीन एकेडमिक प्रो. संजीव मित्तल, अधीक्षण अभियंता ले. कर्नल राजेश जुयाल सहित संस्थान के कई वरिष्ठ चिकित्सक, अधिकारी, फैकल्टी सदस्य, छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जयंती पंत ने किया।

Related Articles

Back to top button