उत्तराखंडजनहितटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

शीघ्र निस्तारण की ओर कदम: पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने 14 बीघा क्षेत्र की सीवर समस्या पर दिखाई तत्परता

टिहरी/मुनिकीरेती(ऋषिकेश),7अगस्त- नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र के 14 बीघा, शीशम झाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बीते दिनों से सीवर ओवर फ्लो की समस्या ने स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों में डाल दिया था। लगातार हो रही बारिश के चलते स्थिति और गंभीर होती जा रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने तत्परता दिखाते हुए पेयजल निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

स्थानीय सभासदों द्वारा की गई शिकायत के बाद गुरुवार को पालिकाध्यक्ष स्वयं भैरव मंदिर के पीछे निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और समीप स्थित सीवरेज पंप स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर सीवर लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, जिसके चलते जलभराव और बदबू की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष बिजल्वाण ने पेयजल निगम के अधिकारियों के समक्ष मरम्मत कार्य में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पालिकाध्यक्ष के निर्देशों के बाद पेयजल निगम के सहायक अभियंता (एई) पवन कुमार ने देर शाम तक सभी प्रभावित सीवर लाइनों की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।

इस निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर सचिन, स्थानीय जनप्रतिनिधि नवीन रतूड़ी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नगर पालिका द्वारा दिखाया गया यह सक्रिय और जनसेवा पर केंद्रित दृष्टिकोण निश्चित रूप से सराहनीय है। नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना नगर निगम की जनउत्तरदायी कार्यशैली को दर्शाता है। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण द्वारा उठाया गया यह कदम क्षेत्रवासियों को राहत देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button