आंखों की सुरक्षा पर एम्स में पब्लिक लेक्चर, बांटे गए सुरक्षा चश्मे

ऋषिकेश, 24 अगस्त- एम्स ऋषिकेश में ’आंखों में लगने वाली चोट, कारण एवं बचाव’ विषय पर पब्लिक लेक्चर और सीएमई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेत्र रोग विशेषज्ञों ने कहा कि आंखें शरीर का सबसे संवेदनशील अंग हैं, इसलिए इन्हें चोट से बचाना बेहद जरूरी है। खासकर मजदूर वर्ग, खेलों में भाग लेने वाले बच्चों और कारखानों में काम करने वाले लोगों को सुरक्षा चश्मों का उपयोग करना चाहिए।

एम्स नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव कुमार मित्तल ने बताया कि आंख की चोट से अंधेपन तक की समस्या हो सकती है। उन्होंने श्रमिकों, बढ़ई, वेल्डर, पेंटर और कारखानों में काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षा चश्मों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह, डीन एकेडमिक प्रो. जया चतुर्वेदी और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भी विचार रखे।
राज्य के स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने एम्स की पहल की सराहना करते हुए बच्चों की आंखों की जांच और असुरक्षित कार्यस्थलों पर सुरक्षा चश्मा अनिवार्य करने हेतु एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए।









