
ऋषिकेश, 6 जुलाई 2025 – एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) मीनू सिंह ने 6 जुलाई को अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लिए। संस्थान की पहली महिला निदेशक के रूप में उन्होंने न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता दी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की।
प्रो. सिंह ने 7 जुलाई 2022 को निदेशक का पद संभाला था। उनके नेतृत्व में एम्स ऋषिकेश ने स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया है। मरीजों की संख्या में हुई बढ़ोतरी इसका स्पष्ट प्रमाण है।
स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार
तीन वर्षों के दौरान ओपीडी, आईपीडी और आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ किया गया। गरीबों को बेहतर इलाज देने के लिए सेवाओं को सरल और प्रभावी बनाया गया। टेक्नोलॉजी का व्यापक उपयोग करते हुए टेलिमेडिसिन, टेलीफॉलोअप और ड्रोन-आधारित मेडिकल सेवाएं शुरू की गईं, जिससे दूरदराज़ के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकीं।
मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को मिला विस्तार
प्रो. मीनू सिंह ने मेडिकल कॉलेज में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की। इनमें पब्लिक हेल्थ साइंस, फैमिली मेडिसिन में एम.डी., एविडेंस सिंथेसिस जैसे कोर्स शामिल हैं। अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ इंटीग्रेटेड मेडिसिन और पिक्चर आर्काइविंग एंड कम्युनिकेशन सिस्टम (पैक्स) की स्थापना की गई।
प्रमुख उपलब्धियां
हेली एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत
किच्छा (उधमसिंह नगर) में सेटेलाइट सेंटर का निर्माण
सेवावीर टीम का गठन
आभा आईडी आधारित पंजीकरण सुविधा
कैंसर निदान हेतु पेट स्कैन सुविधा
सेंटर फॉर एडवांस पीडियाट्रिक की स्थापना









