
नई दिल्ली, 18 जुलाई 2025 – परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने दिल्ली में भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव से विशेष भेंटवार्ता की।
भेंट में देहरादून से दिल्ली तक तथा नेपाली फार्म से तपोवन तक सड़क मार्ग को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बनाने पर चर्चा हुई। योजना के अनुसार, देहरादून-दिल्ली सड़क मार्ग 4 माह में और नेपाली फार्म-तपोवन मार्ग 1 वर्ष में पूरा किया जाएगा।
हरिद्वार से ऋषिकेश तक मेट्रो सेवा की संभावना पर भी विस्तार से विचार हुआ, जिससे तीर्थयात्रियों को सुविधा के साथ-साथ पर्यावरण को भी लाभ होगा।
स्वामी जी ने सड़कों को राष्ट्र की धमनियाँ और पर्यावरण को प्राणवायु बताते हुए, दोनों के संतुलित विकास पर बल दिया। उन्होंने गडकरी जी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “पहले लोग हनुमान चालीसा पढ़ते थे, आज पूरा विश्व हिन्दुस्तान चालीसा पढ़ रहा है।”
पर्यावरण मंत्री के साथ “एक पेड़ माँ के नाम और एक पेड़ धरती माँ के नाम” अभियान का संकल्प लिया गया। स्वामी जी ने आह्वान किया कि भीतरी पर्यावरण की शुद्धता से ही बाहरी पर्यावरण की स्वच्छता सुनिश्चित होगी।
इस मुलाकात में आध्यात्मिक तीर्थों की पहुँच को सरल, पर्यावरण को संरक्षित और विकास को संतुलित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाए गए।









