उत्तराखंडऋषिकेशकांवड़ यात्रा

कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव में दिखा मानवता और कर्तव्य का अद्वितीय संगम: SSP देहरादून ने निभाई मिशाल बनती भूमिका

जाम में फंसे बीमार कांवड़ यात्री की स्वयं सहायता कर एसएसपी ने पेश की संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल ऋषिकेश पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की मुस्तैदी से खुलवाया गया भीषण जाम, यातायात बहाल, देखें वीडियो

देहरादून / ऋषिकेश, 21 जुलाई 2025 – कांवड़ यात्रा के अंतिम सोमवार के अवसर पर ऋषिकेश क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे शहर के कई हिस्सों, विशेषकर श्यामपुर फाटक के पास, भयंकर यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान पुलिस व्यवस्था की कमान स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून  और पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषिकेश ने अपने हाथों में लेते हुए मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में लिया।

भीषण उमस और भीड़ के बीच, जब कई अधिकारी मौके की निगरानी में लगे थे, उसी समय एक कांवड़ यात्री—जो मोटरसाइकिल पर सवार था—गंभीर रूप से अर्धमूर्छित अवस्था में नजर आया। SSP देहरादून ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उस यात्री की गिरती बाइक को संभाला और यात्री को नीचे उतार कर प्राथमिक उपचार देना प्रारंभ किया। यात्री का बीपी लो होने के कारण वह होश में नहीं था। SSP द्वारा नींबू पानी व पेय पदार्थ उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाने का कार्य किया गया।

इतना ही नहीं, यात्री को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजने हेतु एम्बुलेंस की व्यवस्था कर मौके से रवाना किया गया, जबकि SSP ने स्वयं उसकी मोटरसाइकिल को सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया। यह दृश्य न केवल मानवता की मिसाल था, बल्कि एक अधिकारी की ज़मीनी स्तर पर निभाई गई जिम्मेदारी का परिचायक भी।

इसके अलावा, SSP और SP द्वारा मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रियों की सुगम यात्रा और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, हुड़दंग या अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के आदेश भी दिए गए।

ऋषिकेश पुलिस की मुस्तैदी और मानवीय दृष्टिकोण की सर्वत्र सराहना

आज का दिन सिर्फ प्रशासनिक सक्रियता ही नहीं, बल्कि संवेदनशीलता से ओतप्रोत पुलिसिंग का भी उदाहरण बन गया। SSP देहरादून की मैदान में मौजूदगी और ज़मीनी स्तर पर व्यक्तिगत भागीदारी ने यह साबित किया कि उत्तराखंड पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं, बल्कि हर यात्री की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है

यात्रा के अंतिम चरण में जब व्यवस्था की परीक्षा होती है, ऐसे समय में वरिष्ठ अधिकारियों का स्वयं फील्ड में उतरना निश्चित रूप से आमजन का विश्वास बढ़ाता है। ऋषिकेश पुलिस, ट्रैफिक विभाग और समस्त सहयोगी बलों की त्वरित कार्रवाई के कारण ही आज हजारों श्रद्धालुओं ने बिना किसी बड़े व्यवधान के अपनी यात्रा पूरी की।

Related Articles

Back to top button