उत्तराखंडऋषिकेश

मंशा देवी भगदड़: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एम्स में घायलों से की मुलाकात, प्रशासन को दिए मदद के निर्देश

ऋषिकेश, 27 जुलाई 2025 – हरिद्वार के मंशा देवी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना के घायलों से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आज एम्स ऋषिकेश पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और उनके परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने मौके से ही जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पूर्व मुख्य मंत्री रावत ने एम्स में भर्ती घायलों का व्यक्तिगत रूप से हाल जाना और उनका उपचार कर रही चिकित्सकों की टीम से उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो कई मरीज और उनके तीमारदार काफी परेशान दिखे। बिहार के चंपारण निवासी दिनेश के दोनों बच्चे इस भगदड़ में घायल हुए थे—बेटे के पैर में फ्रैक्चर था और बेटी अचेत अवस्था में थी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि एम्स प्रशासन द्वारा बेटे को डिस्चार्ज कर दिया गया था, जो परिस्थितियों को देखते हुए उचित नहीं था। इस पर उन्होंने एम्स निदेशक को फोन कर अवगत कराया, जिसके बाद बच्चे को पुनः अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जिससे माता-पिता दोनों बच्चों की एक साथ देखभाल कर सकें।

पूर्व मुख्य मंत्री रावत ने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर निर्देशित किया कि जिन घायल लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, उन्हें उनके घर या गंतव्य स्थान तक सुरक्षित पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने हेतु प्रशासन को सचेत किया।

उन्होंने कहा कि इस हादसे को देखते हुए राज्य सरकार और मंदिर प्रशासन को चाहिए कि वे व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा करें और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी कदम उठाएं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भगदड़ में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और उनके परिजनों को सांत्वना दी।

इस अवसर पर उनके साथ जयेंद्र रमोला, राकेश सिंह, गरिमा दासौनी, पंकज क्षेत्री और अरुणोदय सिंह नेगी  मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button