
हरिद्वार, 27 जुलाई 2025- रविवार को हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद मंदिर मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है।
घटना के समय मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी। शनिवार और रविवार वीकेंड होने के कारण देश के विभिन्न राज्यों से आए भक्त मंदिर दर्शन के लिए जुटे थे। इसके अलावा, कांवड़ मेले के समापन के बावजूद बड़ी संख्या में कांवड़िए भी मंदिर पहुंचे हुए थे।

बताया जा रहा है कि मंदिर के मुख्य सीढ़ी मार्ग पर अत्यधिक भीड़ बढ़ने से श्रद्धालु एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक हरिद्वार ने जानकारी दी कि भगदड़ की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली। करंट लगने की अफवाह के चलते लोगों में अफरातफरी फैल गई, जिससे हादसा हुआ। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
गढ़वाल कमिश्नर रवि शंकर पांडे ने भी छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन ने मंदिर परिसर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थिति अब नियंत्रण में है और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। मौके पर पुलिस और राहत दल तैनात हैं।









