उत्तराखंडऋषिकेश

हरियाली तीज महोत्सव में नृत्य, गीत और उत्साह का रंग; टीना गौड़ बनीं ‘तीज क्वीन’

 

ऋषिकेश, 27 जुलाई 2025 – नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की महिलाओं ने रविवार को देहरादून रोड़ स्थित वेडिंग प्वाइंट में हरियाली तीज महोत्सव को पारंपरिक उल्लास, सांस्कृतिक रंगों और सामाजिक संदेशों के साथ भव्य रूप से मनाया।

आयोजन में महिलाओं ने तीज क्वीन, पारंपरिक नृत्य व फैशन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान टीना गौड़ को तीज क्वीन का खिताब मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुरकंडा देव डोली के उपासक अजय बिजल्वाण और नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अजय बिजल्वाण ने उपस्थित सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं और भगवान शिव एवं माता पार्वती से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

 

संस्कृति संरक्षण से जुड़ी अपील

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि हमारे पर्व और त्योहार ही हमारी संस्कृति के आधार स्तंभ हैं। इनके संरक्षण के लिए हमें इन्हें जीवंत बनाए रखना होगा। उन्होंने महिलाओं से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे कूड़े का स्रोत पर ही पृथक्करण (सेग्रीगेशन) करें और कूड़ा वाहन में ही सौंपें। साथ ही प्लास्टिक के प्रयोग से बचने और सब्जी आदि की खरीदारी के लिए कपड़े के थैले साथ ले जाने की बात कही। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नगर पालिका जल्द ही प्रत्येक घर में कपड़े के थैले वितरित करेगी।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु बिजल्वाण ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और भावी पीढ़ी को अपनी विरासत से परिचित कराते हैं। उन्होंने प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक संवर्धन पर बल दिया।

इसके पश्चात कार्यक्रम में पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। महिलाओं ने ‘राधे चल झूलन’, ‘वो कृष्णा है’, ‘बांके बिहारी की देख छटा – मेरो मन हो गया लटपट्टा’ जैसे गीतों पर राधा-कृष्ण स्वरूप में झूमते हुए पारंपरिक झूला भी खेला। कार्यक्रम में भक्ति रस और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला।

उपस्थित गणमान्य जन और सहभागिता

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रा आर्य, अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, सभासद स्वाति पोखरियाल, बृजेश गिरी, सुमित्रा पंवार, कविता पंवार, अमिता उनियाल, ज्योति उनियाल, पदमा सेमवाल, शैला खंडूड़ी, संगीता उनियाल, लक्ष्मी रावत, अर्चना बिजल्वाण, अनिता कोठियाल, आरती चौहान, सीमा बिजल्वाण, दीपा भट्ट, सुरेंद्र भंडारी, संजय बडोला, नवीन रतूड़ी, राजीव गौड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं और समाजसेवी मौजूद रहे।

हरियाली तीज के इस आयोजन ने न केवल महिलाओं को अपनी कला, संस्कृति और सौंदर्य को प्रस्तुत करने का मंच दिया, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी सफलतापूर्वक प्रसारित किया।

Related Articles

Back to top button