Blog

पुलिस की सटीक रणनीति से बड़ा खुलासा: 20 लाख की ज्वैलरी चोरी का पर्दाफाश, एक शातिर चोर गिरफ्तार

कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की बड़ी सफलता

देहरादून/ऋषिकेश, 04 अगस्त 2025-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की सतर्क रणनीति व तेजतर्रार पुलिस टीम की सक्रियता से ऋषिकेश क्षेत्र में बंद घर में हुई लाखों की चोरी की गुत्थी को महज कुछ दिनों में सुलझा लिया गया। पुलिस ने एक शातिर खानाबदोश चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की चोरी गई ज्वैलरी बरामद की है।

🔹 दिल्ली गए परिवार के घर में हुई थी चोरी –
विवरण के अनुसार, वादी ओमप्रकाश बत्रा निवासी जीवनी माई मार्ग, ऋषिकेश ने 01 अगस्त को कोतवाली में तहरीर दी थी कि वे 25 जुलाई से 31 जुलाई तक अपने परिवार के साथ दिल्ली गए थे। वापसी पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने व हीरे की ज्वैलरी चोरी कर ली है। मामले में थाना ऋषिकेश पर तत्काल बीएनएस की धारा 305(1)/329(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।

🔹 पुलिस टीम ने ऐसे सुलझाया मामला –
एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने सुराग तलाशने शुरू किए। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी का माल लेकर हरिद्वार या सहारनपुर भागने की फिराक में है।

🔹 मुखबिर की सूचना पर हुआ बड़ा खुलासा –
मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 04 अगस्त को हरिद्वार-ऋषिकेश बाईपास पर इन्दिरा नगर तिराहे से एक संदिग्ध व्यक्ति सूरज कुमार वर्मा (उम्र 31) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी करता है। वह दिनभर गलियों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करता और गंगा घाट पर सोता था। उसी दौरान उसने जीवनी माई रोड स्थित मकान को निशाना बनाया था।

🔹 आरोपी के पास से बरामद सामान –

चोरी की गई करीब 20 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी

एक काले रंग का म्यूजिक सिस्टम

🔹 आरोपी का आपराधिक इतिहास –
आरोपी सूरज वर्मा के विरुद्ध पहले भी चोरी व नकबजनी के चार से अधिक मामले कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज हैं।

🔹 गिरफ्तारी व छानबीन में शामिल पुलिस टीम –

निरीक्षक प्रदीप राणा, प्रभारी कोतवाली ऋषिकेश

व0उ0नि0 शिशुपाल सिंह राणा

उ0नि0 साहिल वशिष्ठ

का0 दिनेश महर, का0 सौरव वालिया, का0 अभिषेक, का0 रूपेश कुमार

कांस्टेबल नवनीत व शीशपाल (SOG)

ऋषिकेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां लाखों की ज्वैलरी वापस मिल पाई, वहीं एक सक्रिय अपराधी भी सलाखों के पीछे पहुंचा। दून पुलिस की सतर्कता ने एक और बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्यशैली की सराहना की है।

Related Articles

Back to top button