
देहरादून, 04 अगस्त – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अतिवृष्टि की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा को देखते हुए सभी डीएम अपनी पूरी टीम के साथ ग्राउंड ज़ीरो पर सक्रिय रहें और आवश्यक तैयारियों को समय से पहले सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़कें, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में तत्काल प्रभाव से व्यवस्थाएं बहाल की जाएं। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बाधित होने पर वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था शीघ्र की जाए। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए भी पूर्व तैयारियां पूर्ण रखी जाएं।
फसल क्षति का शीघ्र मूल्यांकन करें – सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन शीघ्र किया जाए, ताकि प्रभावितों को यथाशीघ्र राहत मिल सके।
फर्जी दस्तावेज़ों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सीएम धामी ने फर्जी राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य दस्तावेज़ों के मामले में भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
‘ऑपरेशन कालनेमी’ के तहत ठगों पर हो नियमित कार्रवाई
सीएम ने धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन कालनेमी’ के तहत नियमित कार्रवाई जारी रखने को कहा।
सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने सभी डीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों के सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करें। निरीक्षण में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपकरणों की स्थिति और साफ-सफाई की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी औचक निरीक्षण करेंगे।
वर्षा के बाद अवस्थापना कार्यों में लाएं तेजी
धामी ने निर्देश दिए कि बारिश के बाद अवस्थापना विकास कार्यों को गति दी जाए। सड़कों, पुलों, नालियों एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। राज्य व केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए और आमजन को भी इसके लिए प्रेरित किया जाए। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं।
पंचायत चुनाव की सफल संपन्नता पर सभी को बधाई
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सम्पन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए निर्वाचन आयोग, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद दिया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक एपी अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।









