भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट पर टिहरी गढ़वाल में 5 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

नई टिहरी/मुनिकीरेती, 04 अगस्त 2025- भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 04 अगस्त की शाम 6 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में 05 अगस्त, 2025 (मंगलवार) को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

नगर पालिका परिषद मुनि की रेती ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिज्लवाण ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त चेतावनी और वर्तमान में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लिया है। जिला मजिस्ट्रेट नितिका खण्डेलवाल द्वारा जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी/निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश के अनुसार, यदि किसी विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा इस आदेश का पालन नहीं किया जाता है और किसी प्रकार की घटना घटित होती है, तो संबंधित प्रधानाचार्य/प्रबंधक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सभी उपजिलाधिकारियों, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एवं सूचना अधिकारी को आदेश के सख्त अनुपालन और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए हैं।
(संपर्क हेतु: जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय, टिहरी गढ़वाल – 01378-234793, 7407009002)









