

नई दिल्ली, 29 अगस्त- हॉकी के जादूगर और पद्म भूषण स्व. मेजर ध्यानचंद जी की 120वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस का भव्य आयोजन शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, नई दिल्ली में किया गया। इस अवसर पर दिल्ली के विभिन्न स्कूलों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल प्रदर्शन किया। बारिश ने भी एस्ट्रो टर्फ पर खेलते खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया।

ओलंपियन व दिग्गज खिलाड़ी हुए शामिल
इस अवसर पर हॉकी ओलंपियन पद्मश्री हरबिंदर सिंह चिमनी, भारतीय हॉकी फेडरेशन के सचिव श्री अशोक माथुर, पूर्व राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री राजेश चौहान, श्री संजय भाटिया, श्री किशोरी लाल आज़ाद, श्रीमती दीप्ति सिसोदिया और श्री वैभव प्रताप सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इसके अलावा मेरठ से श्री उत्कर्ष राघव (जनरल सेक्रेटरी, ओरिएंटियरिंग इंडिया), गांधी मंडेला फाउंडेशन के अध्यक्ष एडवोकेट श्री नंदन झा और सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट श्री सुधाकर कुलवंत ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।

खिलाड़ियों को मिली प्रेरणा व प्रोत्साहन
ध्यानचंद फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री गौरव ध्यानचंद ने सभी अतिथियों का स्वागत कर उनका सम्मान किया। इस दौरान हेरिटेज स्कूल, रोहिणी के छात्र-छात्राओं को हॉकी स्टिक और किट वितरित की गईं।
गौरव ध्यानचंद ने बताया कि फाउंडेशन के “बैक टू स्कूल प्रोग्राम” के अंतर्गत लगातार तीसरे वर्ष दिल्ली के स्कूलों को निःशुल्क हॉकी व किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस वर्ष वितरण पद्मश्री हरबिंदर सिंह चिमनी और श्री नंदन झा के आशीर्वाद से किया गया।
खेल महासंघों में पारदर्शिता की नई पहल
कार्यक्रम के दौरान गौरव ध्यानचंद ने माननीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में संसद में पारित नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल, 2025 खेल महासंघों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
यह आयोजन न केवल मेजर ध्यानचंद जी की स्मृति को जीवंत करता है, बल्कि नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का भी संदेश देता है।









