उत्तराखंडलक्ष्मण झूलाहादसा

लक्ष्मणझूला गंगा मे बहे मां, बेटा : बेटा बचा, मां लापता

एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन, बैराज तक तलाशी

पौड़ी/लक्ष्मणझूला(ऋषिकेश),15 सितम्बर– थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के नाव घाट पर सोमवार मध्यरात्रि को गंगा नदी में मां-बेटे के बह जाने से हड़कंप मच गया। तेज बहाव के कारण दोनों गंगा में समा गए। बेटा कुछ दूरी पर पत्थरों में फंसकर सुरक्षित बाहर आ गया, लेकिन मां का अब तक कुछ पता नहीं लग पाया है।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गंगा के तेज बहाव के कारण सर्च टीम ने पशुलोक बैराज और भीमगोड़ा बैराज तक गहन तलाशी अभियान चलाया। बावजूद इसके लापता महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया। टीम ने बताया कि खोजबीन लगातार जारी है।

सुरक्षित युवक की पहचान

सुरक्षित युवक की पहचान यश श्रीधर (26 वर्ष), पुत्र महेश श्रीधर, निवासी जी-2 स्वस्तिक अपार्टमेंट, गोविंदपुरी सिटी सेंटर, ग्वालियर के रूप में हुई है। युवक नदी में बहते हुए जानकी सेतु के पास पत्थरों में अटक गया था, जहां से वह खुद को संभालकर बाहर आ गया। फिलहाल वह पूरी तरह स्वस्थ है।

लापता महिला की पहचान

लापता महिला की पहचान बिना श्रीधर (उम्र लगभग 50 वर्ष), पत्नी महेश श्रीधर, निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है। महिला का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय लोगों में दहशत

घटना के बाद स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुट गए। कई लोग एसडीआरएफ टीम की मदद में लगे रहे। गंगा किनारे मौजूद लोगों का कहना है कि नदी का बहाव पिछले कुछ दिनों से बेहद तेज है, ऐसे में किनारे पर जरा सी चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

पुलिस-प्रशासन की अपील

थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गंगा किनारे सावधानी बरतें और विशेषकर रात के समय किनारों पर जाने से बचें।

Related Articles

Back to top button