उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

ढालवाला में SDRF टीम ने छात्रों को सिखाई आपदा से बचाव की तकनीकें

रेडक्रॉस द्वारा आयोजित चार दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के तीसरे दिन छात्रों ने सीखे जीवन रक्षक उपाय

मुनिकीरेती-ढालवाला (टिहरी ),15 अक्टूबर :रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में डॉ. पूर्णानंद इंटर कॉलेज, ढालवाला में चल रहे चार दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिवस बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को आपदा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण के दौरान SDRF ढालवाला टीम ने करीब 35 विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया। टीम ने बताया कि आपदा क्या होती है, उसके प्रकार — प्राकृतिक और मानवजनित — क्या हैं, और आपदा के पहले, दौरान तथा बाद में किन तैयारियों की आवश्यकता होती है।

टीम ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार (First Aid) के अंतर्गत रक्तस्राव नियंत्रण (Blood Control Method), सीपीआर (CPR) तथा एफबीएओ (FBAO) जैसी जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन (Practical Demonstration) भी कराया।

इसके अतिरिक्त छात्रों को आपदा के दौरान उपयोग में आने वाले उपकरणों — जैसे रोप, एसेंडर, डिसेंडर, सीट हार्नेस, हेलमेट, स्ट्रेचर, फर्स्ट एड किट, थ्रो बैग, लाइफ बोया, लाइफ जैकेट आदि — की जानकारी दी गई। SDRF के प्रशिक्षकों ने विभिन्न प्रकार की गांठों (Knots) को बाँधने की विधियाँ भी सिखाईं और विद्यार्थियों को स्वयं अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

टीम ने बताया कि आपदा की घड़ी में घबराने के बजाय सजगता, तत्परता और टीम भावना के साथ कार्य करना ही सबसे बड़ा बचाव होता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और उन्हें समाज की सहायता करने योग्य बनाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं रेडक्रॉस प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने SDRF ढालवाला टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

SDRF टीम में शामिल सदस्य:
उप निरीक्षक पंकज सिंह खरोला, किशोर कुमार, मातबर, सुमित, राहुल एवं सर्वजीत।

Related Articles

Back to top button