सरस मेला–2025 : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया प्रतिभाग
डेढ़ लाख से अधिक निवेश करने वाले 10 उद्यमियों को चेक, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों को सम्मानित किया गया

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा) : सरस मेला–2025 के नवें दिन मंगलवार को प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी तथा ग्राम्य विकास मंत्री मा. गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री जी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगरपालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवाण, नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल, सुमन सजवाण, मनीषा पंवार, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
मंत्री जी ने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर उत्पादों एवं बिक्री की जानकारी ली और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डेढ़ लाख रुपये से अधिक का निवेश करने वाले 10 उद्यमियों और निवेशकों को चेक वितरित किए गए, वहीं अच्छा बिजनेस करने वाले 10 स्वयं सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा. मंत्री जी ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति सबसे समृद्ध संस्कृति है, जो दिशा दर्शन का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य में अब तक 1 लाख 63 हजार बहनें “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
मंत्री जी ने जिला प्रशासन की अभिनव पहल “गुल्लक” कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह लघु एवं मध्यम उद्यमियों को परामर्श, उत्पादन क्षमता, पूंजी वृद्धि और बाजार उपलब्धता के माध्यम से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने का उत्कृष्ट प्रयास है।


अंत में उन्होंने सरस मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।










