मानसिक स्वास्थ्य पर टिका है सशक्त समाज का आधार
एम्स ऋषिकेश में जन जागरूकता रैली से दिया गया संदेश


ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा)14 अक्टूबर : विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के समापन अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में सोमवार को एक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए “मानसिक स्वास्थ्य–हर कदम साथ” का संदेश दिया।
रैली का आयोजन एम्स के मनोचिकित्सा विभाग, कॉलेज ऑफ नर्सिंग और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। यह रैली संस्थान परिसर के विभिन्न मार्गों से होती हुई मुख्य ऑडिटोरियम के निकट संपन्न हुई।
संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता ही एक स्वस्थ, संवेदनशील और सशक्त समाज की नींव है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि “मानसिक स्वास्थ्य के बिना शारीरिक स्वास्थ्य की कल्पना नहीं की जा सकती। मानवीय आपदाओं की परिस्थितियों में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
मनोचिकित्सा विभाग के अध्यक्ष डाॅ. अनिन्द्या दास ने सप्ताहभर चले कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि संस्थान में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता हेतु सेमिनार, प्रतियोगिताएं और संवाद सत्र आयोजित किए गए।
रैली में नर्सिंग छात्राओं और अन्य विभागीय स्टाफ ने स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. जया चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. सत्या श्री बलिजा, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) स्मृति अरोड़ा, सीएनओ डॉ. अनिता रानी कंसल, डाॅ. विशाल धीमान, डाॅ. जितेंद्र रोहिल्ला, डाॅ. सचिन कुमार द्विवेदी, प्रिया सिंह, डाॅ. जेवियर बेल्सी सी, डाॅ. राजेश कुमार, प्रियंका, मुकेश और अन्नपूर्णा समेत कई शिक्षण व गैर-शिक्षण कर्मी उपस्थित रहे।









