उत्तराखंडजनहितदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी ने मकानों पर नंबर प्लेट लगाने के आदेश किए रद्द

जांच के निर्देश, स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने पर फिर दिया जोर

देहरादून, 14 अक्टूबर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में मकानों पर नंबर प्लेट लगाने से संबंधित जिला पंचायतराज अधिकारियों के आदेशों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। साथ ही, मामले की संपूर्ण जांच कराने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

उल्लेखनीय है कि दोनों जिलों के जिला पंचायतराज अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु मकानों पर नंबर प्लेट लगाने का कार्य एक बाहरी व्यक्ति को सौंपे जाने से संबंधित पत्र हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

मुख्यमंत्री धामी ने इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सभी योजनाएं जनहित, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ लागू की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि 10 करोड़ रुपये तक के सरकारी कार्यों में स्थानीय लोगों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के आदेशों का सभी स्तरों पर सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक योजना में स्थानीय जनता के रोजगार और हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button