
ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) 4 नवम्बर : थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के ग्राम जौंक, स्वर्गाश्रम निवासी 13 वर्षीय बालक आदित्य रतूड़ी का शव घटना के चार दिन बाद पशुलोक बैराज क्षेत्र से बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर की शाम को आदित्य अपने छोटे भाई विनय (11 वर्ष), किरायेदार कौशल (22 वर्ष) और पड़ोसी कर्मवीर (23 वर्ष) के साथ भागीरथी धाम के पास गंगा नदी किनारे घूमने गया था। इस दौरान तीनों (आदित्य, विनय और कौशल) नदी में कुछ दूरी तक आगे बढ़ गए, तभी अचानक वे तेज धारा में बहने लगे।
कर्मवीर ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और विनय व कौशल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आदित्य गंगा की तेज धारा में बह गया।
घटना की सूचना पर पुलिस व एसडीआरएफ टीमों को तत्काल रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। इंस्पेक्टर (एसडीआरएफ) कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में टीम ने डीप डाइविंग उपकरणों की मदद से लगातार कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
आज सुबह पशुलोक बैराज क्षेत्र से बालक आदित्य रतूड़ी का शव बरामद किया गया। परिजनों ने शव की पहचान कर ली है। पुलिस ने आवश्यक पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।









