

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से ओवरहेड लाइनों को अंडरग्राउंड करने की प्रस्तावित परियोजना पर आज नगर निगम कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर शंभू पासवान ने की।
बैठक में परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा इसे समयबद्ध एवं योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जनता को कम से कम असुविधा उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड केबलिंग से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित व निर्बाध होगी, साथ ही आंधी, तूफान जैसी परिस्थितियों में होने वाली क्षति में भी कमी आएगी।
महापौर ने बताया कि यह परियोजना न केवल विद्युत व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि शहर के सौंदर्य में भी उल्लेखनीय सुधार लाएगी। सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर लगे बिजली के खंभों और लटकते तारों के हटने से शहर का दृश्य अधिक सुव्यवस्थित होगा।
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अधिशासी अभियंता दिनेश उनियाल, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल शक्ति प्रसाद, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल राकेश कुमार, अवर अभियंता यूपीसीएल पी.पी. बधानी, अवर अभियंता श्याम सुंदर, अवर अभियंता सौरव देशवाल, उपखंड अधिकारी यूपीसीएल अर्चित कुमार, उपखंड अधिकारी यूपीसीएल अरविंद नेगी व अवर अभियंता विद्युत विनोद पुरोहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









