उत्तराखंडएम्स ऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश में तीन दिवसीय हेलीबोर्न इमरजेंसी मेडिसिन ट्रेनिंग सम्पन्न

विश्वस्तरीय विशेषज्ञों ने हेम्स टीम को दिया तकनीकी व चिकित्सीय प्रशिक्षण

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): एम्स ऋषिकेश में आयोजित तीन दिवसीय हेलीबोर्न इमरजेंसी मेडिसिन ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन शुक्रवार को हो गया। कार्यक्रम में फ्रांस से आए अन्तरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने संस्थान की हेली इमरजेंसी मेडिकल सर्विस (HEMS) टीम को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया। समापन सत्र में कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. मीनू सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और कार्यक्रम को एयरो मेडिकल सेवाओं को सुदृढ़ करने वाला बताया।

कार्यक्रम फ्रेंच एकेडमी ऑफ मेडिसिन (FAM), एयरबस फाउंडेशन और एम्स ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को तकनीकी दक्षता, पेशेंट सेफ्टी, कॉल रिस्पांस तैयारी, जीवन रक्षक दवाओं के प्रबंधन और हेली रेस्क्यू से जुड़ी सावधानियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान एयरबस की ओर से दो हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए गए, जिनके माध्यम से डेमो और प्रायोगिक प्रशिक्षण कराया गया।

एम्स के हेम्स नोडल अधिकारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि प्रशिक्षण से टीम को वास्तविक परिस्थितियों में चुनौतियों से निपटने की नई समझ और कौशल प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम में नर्सिंग कैडर के 36 सदस्यों सहित कुल 60 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों में डॉ. क्रिस्तोफ बोंबेर्ट, डॉ. एर्वे कोआडू, राल्फ सेत्ज, अलीन बोनो, डॉ. रिचार्ड विले और श्री थीबो स्पोर शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रो. स्मृति अरोड़ा, डॉ. अनिता रानी कंसल सहित नर्सिंग अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button