उत्तराखंडऋषिकेश

बाल श्रम उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान संचालित

त्रिवेणी घाट क्षेत्र में दुकानों-होटलों के सेवायोजकों को किया गया जागरूक, प्रतिष्ठानों पर चस्पा किए गए स्टीकर

ऋषिकेश, 11 दिसम्बर (दिलीप शर्मा): उत्तराखण्ड राज्य को जीरो चाइल्ड लेबर जोन बनाने के उद्देश्य से बाल श्रम टास्क फोर्स देहरादून द्वारा आज बाल श्रम उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक श्रम आयुक्त ऋषिकेश दीपक कुमार के नेतृत्व में संचालित हुआ।

अभियान के दौरान सहायक श्रम आयुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी तथा बाल श्रम टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने त्रिवेणी घाट क्षेत्र के आसपास स्थित दुकानों, होटलों और रेस्टोरेंटों के सेवायोजकों को बाल श्रम अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया। टीम ने स्पष्ट रूप से अपील की कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों अथवा किशोरों को किसी भी प्रकार से कार्य पर न रखा जाए

इसके साथ ही टीम ने प्रतिष्ठानों के मुख्य द्वारों पर बाल श्रम निषेध से संबंधित स्टीकर चस्पा किए तथा नागरिकों को भी इस विषय में जागरूक किया। सेवायोजकों को यह भी बताया गया कि भविष्य में ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और आवश्यकतानुसार निरीक्षण कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने लोगों से आग्रह किया कि यदि कहीं बाल श्रम के प्रकरण दिखाई दें तो हेल्पलाइन नंबर 1098 पर तुरंत सूचना दें।

अभियान में सहायक श्रम आयुक्त ऋषिकेश दीपक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी आनन्द, जिला प्रोबेशन कार्यालय देहरादून से सम्पूर्णा भट्ट, कविता पांडे, सुरेश उनियाल, स्टेट कोऑर्डिनेटर (AVA) रचना डोभाल, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रतिनिधि, सुमित (समर्पण सोसाइटी), मोनीन (आसरा ट्रस्ट), मनीषा (चाइल्डलाइन समन्वयक) सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button