नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का किया निरीक्षण
सफाई व्यवस्था, मशीनरी संचालन और सेग्रीगेशन प्रणाली की सराहना

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने आज खाराश्रोत स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था, मशीनों के संचालन, अपशिष्ट निस्तारण की गुणवत्ता तथा संपूर्ण प्लांट की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। अध्यक्ष ने मशीनरी के नियमित मेंटेनेंस, केंद्र की दैनिक सफाई और वार्डों में कूड़ा सेग्रीगेशन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

संतोषजनक पाई गई सेग्रीगेशन प्रणाली
निरीक्षण के दौरान अपशिष्ट पृथक्करण व्यवस्था सही और व्यवस्थित पाए जाने पर अध्यक्ष बिजल्वाण ने संतोष व्यक्त किया। प्लांट सुपरवाइजर प्रमोद कुमार और सुधीर मिश्रा ने उन्हें बताया कि केंद्र में जैविक, अजैविक, पुनर्चक्रण योग्य, अपुनर्चक्रणीय तथा खतरनाक श्रेणी के कूड़े का नियमानुसार पृथक्करण किया जा रहा है। साथ ही कंपैक्टर मशीन और अन्य मशीनरी से प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

मशीनरी और सुरक्षा मानकों की ली विस्तृत जानकारी
अध्यक्ष बिजल्वाण ने अजैविक कूड़े के संपीड़न प्रक्रिया, मशीन संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों, जैविक पिट, जैविक कचरे से खाद निर्माण की विधि, खाद की गुणवत्ता एवं नमी नियंत्रण व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया। ट्रामलर मशीन से कूड़े को विभिन्न अंशों में छांटने की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए उन्होंने मशीनों की नियमित सफाई एवं क्षमता को बढ़ाने पर जोर दिया।

डोर-टू-डोर कलेक्शन में सुधार के निर्देश
अध्यक्ष ने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के दौरान अनिवार्य रूप से कूड़ा सेग्रीगेशन सुनिश्चित किया जाए। सभी वाहनों में स्वच्छता बनाए रखने, वार्डवार जनजागरूकता बढ़ाने और जैविक-अजैविक कचरे को मिश्रित न होने देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मशीनों का नियमित मेंटेनेंस और सेग्रीगेशन आधारित संग्रहण प्रणाली को मजबूत करना स्वच्छ नगर की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान सेनिटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान, अवर अभियंता सचिन, तथा जेबीबी टेक्नोक्रेट संस्था के सुपरवाइजर प्रमोद कुमार और सुधीर मिश्रा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
नगर की स्वच्छता को लेकर अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की सक्रियता और तत्परता ने नगर वासियों में सकारात्मक संदेश दिया है। उनकी पहल से नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









