Blog

साक्षी महाराज का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया, संतों ने किया हवन–पूजन व वृक्षारोपण

भगवान भवन आश्रम में अखिल भारतीय संत समिति के तत्वावधान में विशाल संत समागम व भंडारे का आयोजन

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): रेलवे रोड स्थित भगवान भवन आश्रम में अनंत विभूषित आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी साक्षी महाराज का जन्मदिन अखिल भारतीय संत समिति के तत्वावधान में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन–पूजन किया गया तथा संतों ने राष्ट्र, धर्म और मानव कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में जगद्गुरु द्वाराचार्य स्वामी दयाराम दास योगानंदाचार्य महाराज ने साक्षी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज देशवासी प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के दर्शन कर पा रहे हैं, इसमें साक्षी महाराज का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने बताया कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान महाराज ‘बैरियल तोड़ बाबा’ के नाम से भी प्रसिद्ध हुए।

उन्होंने कहा कि साक्षी महाराज ने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना की है और देशभर में सनातन धर्म के प्रचार–प्रसार हेतु आश्रमों का निर्माण कराया है। 70 वर्ष की आयु में भी वे सनातन धर्म की ध्वजा को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर साक्षी महाराज के कृपा पात्र शिष्य महंत स्वामी आलोक हरि महाराज ने अपने गुरुदेव के जीवन व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वृंदावन, काशी और उज्जैन से पधारे संतों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान साक्षी वाटिका में नीम, रुद्राक्ष, बरगद, पीपल सहित विभिन्न पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। इसी उपलक्ष्य में भगवान भवन आश्रम में विशाल संत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों साधु–संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे एवं कार्यक्रम में स्वामी योगी आशुतोष महाराज, तुलसी मानस मंदिर के महंत रवि प्रपन्नाचार्य महाराज, महंत छोटन दास, महंत कपिल मुनि महाराज, शंकराचार्य आश्रम के महंत केशव स्वरूप ब्रह्मचारी, प्रमोद दास, महावीर दास महाराज, स्वामी नंदकिशोर, सुनील लोधी राजपूत, नवीन जोशी, स्वामी आशुतोष महाराज, सीताराम दास जी महाराज, स्वामी निर्मल दास महाराज, गोपाल बाबा आश्रम प्रबंधन से महेश मिश्रा, प्रदीप दुबे, अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में साधु–संत व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button