उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब में 14वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 2231 से अधिक लोगों को मिला उपचार

श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व पर आयोजित शिविर में 45 यूनिट रक्तदान, एम्स व नामी संस्थानों की रही सहभागिता

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर ऋषिकेश–लक्ष्मण झूला मार्ग स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब परिसर में रविवार 11 जनवरी को ट्रस्ट द्वारा आयोजित 14वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में 2231 से अधिक जरूरतमंदों का पंजीकरण कर विभिन्न रोगों की जांच व उपचार किया गया।

मुख्य अतिथि ने चिकित्सकों को किया सम्मानित
शिविर की मुख्य अतिथि गंगा प्रेम हॉस्पिस की चेयरपर्सन नानी मां जी ने सभी चिकित्सकों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा सेवा भाव की सराहना की। गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने मुख्य अतिथि सहित शिविर में पहुंचे सभी आगंतुकों और सेवा देने वाले चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

एक ही छत के नीचे बहुविषयक चिकित्सा सेवाएं
ट्रस्ट अध्यक्ष सरदार बिन्द्रा ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, नेत्र, ईएनटी, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रो, हड्डी, दंत, स्त्री रोग, बाल रोग, नाड़ी एवं त्वचा रोग से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में ईसीजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी आवश्यक जांचें भी पूरी तरह निःशुल्क कराई गईं तथा मरीजों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।

रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह
स्वास्थ्य शिविर के साथ आयोजित रक्तदान शिविर में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 45 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया।

एम्स व प्रतिष्ठित संस्थानों की रही भागीदारी
शिविर में एम्स ऋषिकेश, निर्मल आश्रम आई इंस्टीट्यूट, गंगा प्रेम हॉस्पिटल और अमृतसर आई क्लीनिक की टीमों के साथ श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

अखंड सेवा का प्रतीक है ट्रस्ट
गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब ट्रस्ट द्वारा एम्स ऋषिकेश में प्रतिदिन लंगर सेवा भी संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यह सेवा गुरु महाराज की शिक्षाओं और मानवता के आदर्शों के अनुरूप निरंतर जारी है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की रही मजबूत टीम
शिविर में डॉ. के.जे.एस. सभरवाल, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. मधुर उनियाल, डॉ. एन.बी. श्रीवास्तव, डॉ. कुमार गौरव शर्मा, डॉ. देवव्रत साई, डॉ. बी.एस. जज, डॉ. नईम, डॉ. लोकेश सलूजा, डॉ. सिद्धांत खन्ना, डॉ. आसिफ खान, ले. कर्नल डॉ. मोहम्मद मुजम्मिल, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. नरेंद्र सिंह जगपांगी, डॉ. सौरभ जैन, डॉ. अश्वनी कंडारी, डॉ. विमल दीक्षित, डॉ. मुकेश ढांडा, डॉ. सचिन रस्तोगी, डॉ. गिग्गल रस्तोगी, डॉ. महेश कुड़ियाल, डॉ. शेषेंद्र सक्सेना, डॉ. एकता कौर, डॉ. एपीएस औलख, डॉ. अखिलेश पांडे, डॉ. हरीश कोहली, डॉ. हर्ष जौहरी, डॉ. तरणजीत सिंह, डॉ. पूजा, डॉ. आरती शर्मा, डॉ. प्रियंका गोयल, डॉ. लतिका चावला, डॉ. कंवलदीप सिंह, डॉ. अपूर्व जैन, डॉ. उत्कर्ष शर्मा, डॉ. परविंदर सिंह, डॉ. एस.एस. खाम्बे, डॉ. मीना खाम्बे, डॉ. तान्या शारदा, डॉ. अर्चना गुलाटी, डॉ. हररीशुप्रीत कौर, डॉ. अमित अग्रवाल, डॉ. दीपशिखा, डॉ. वैष्णवी प्रसाद, डॉ. हिमानी सिंह सहित अनेक विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं।

यह स्वास्थ्य शिविर गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज की शिक्षाओं से प्रेरित होकर समाज के कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सशक्त उदाहरण बना।

Related Articles

Back to top button