उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमेला

चाका बाजार में सात दिवसीय श्री सिद्धपीठ कोटेश्वर पर्यटन विकास मेला आज से

चाका/टिहरी, 13 जनवरी (दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल जनपद की गजा तहसील अंतर्गत क्वीली पालकोट के केंद्र बिंदु चाका बाजार में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री सिद्धपीठ कोटेश्वर पर्यटन विकास मेला समिति के तत्वावधान में सात दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 13 जनवरी से 19 जनवरी तक आयोजित होगा।

आज होगा मेले का भव्य शुभारंभ

मेले का शुभारंभ आज ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर जोत सिंह असवाल (जिला पंचायत सदस्य बैरोला), कुंवर सिंह चौहान (अध्यक्ष नगर पंचायत गजा), राजेन्द्र सिंह भंडारी (पूर्व प्रमुख फकोट) एवं राजेश रावत (मंडल अध्यक्ष भाजपा गजा) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
शुभारंभ अवसर पर इंद्र आर्य व उनकी पार्टी द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

14 जनवरी: कोटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक

उत्तरवाहिनी भागीरथी नदी के तट पर स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर में 14 जनवरी को विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।

15 जनवरी: खेल प्रतियोगिताएं व सांस्कृतिक संध्या

15 जनवरी को जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण द्वारा वॉलीबॉल प्रतियोगिता एवं अन्य खेलों का शुभारंभ किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या में विवेक नौटियाल एवं मीना राणा अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

16 व 17 जनवरी: छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिताएं

इन दो दिनों में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

18 जनवरी: पंचतत्व बैंड की धमाकेदार प्रस्तुति

18 जनवरी को अनुराग नौटियाल एवं पंचतत्व बैंड द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

19 जनवरी: भव्य समापन व पुरस्कार वितरण

मेले का समापन 19 जनवरी को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर लोक गायक मंगलेश डंगवाल व उनकी टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से मिलेगी योजनाओं की जानकारी

मेले के दौरान सातों दिन सरकारी व गैर-सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से आम जनता को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

श्री सिद्धपीठ कोटेश्वर पर्यटन विकास मेला न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह क्षेत्रीय पर्यटन, लोक संस्कृति और जनजागरूकता को भी सशक्त मंच प्रदान करता है।

Related Articles

Back to top button