
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ इकाई पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश (देहरादून) के विशेष आवासीय शिविर के पंचम दिवस नगर निगम ऋषिकेश के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों द्वारा “कचरा मैन” की वेशभूषा में मुख्य मार्गों पर रैली निकालकर तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को कूड़े-कचरे और पॉलिथीन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। रैली को नगर निगम परिसर से महापौर शंभू पासवान एवं नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली नगर निगम से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई त्रिवेणी घाट पहुंची, जहां स्वयंसेवियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के साथ रैली का समापन किया गया।
महापौर शंभू पासवान ने कहा कि ऋषिकेश को स्वच्छ बनाने के लिए सबसे पहले शहर को कचरे से मुक्त करना होगा। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कहा कि पॉलिथीन आज एक महामारी का रूप ले चुकी है। नगर निगम के डंपिंग जोन में कूड़े के ढेर लगातार बढ़ रहे हैं। इससे बचाव के लिए जरूरी है कि कचरे को सूखा और गीला अलग-अलग कर नगर निगम के कूड़ा वाहनों को दिया जाए, ताकि उसका उचित निस्तारण हो सके और ऋषिकेश को पॉलिथीन मुक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के “वृक्ष मित्र” के नाम से प्रसिद्ध डॉ. त्रिलोक चंद सोनी ने महापौर शंभू पासवान एवं नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल को तुलसी का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा स्वयं भी उत्साहपूर्वक रैली में शामिल हुए।
रैली के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए संकल्पित है और विशेष शिविरों के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।
शिविर के द्वितीय बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थापक बंशीधर पोखरियाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वीरभद्र पशुलोक और बापू ग्राम क्षेत्र मीरा बहन की देन हैं। उनके प्रयासों से ही इस क्षेत्र में आमजन को बसाया गया, जबकि पहले यहां घनघोर जंगल हुआ करता था।
कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, सहयोगी श्रीमती माधुरी रावत, डॉ. त्रिलोक सोनी, श्रीमती विनय बौड़ाई, प्रांजल शर्मा, हरिओम, आकाश कुमार, नगर निगम के सहयोगी, व्यायाम शिक्षक चमन सिंह, रवि, नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता, शगुन, विष्णु गुप्ता, विजय यादव, आकाश मनीष आर्य, अमन, अनुज पाल, सुंदर राजपूत, अन्नू थापा, नंदनी सहित सभी स्वयंसेवी उपस्थित रहे।









