
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): मकर संक्रांति के पावन पर्व पर कात्यानी मंदिर परिसर में सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार का अनुपम उदाहरण देखने को मिला। कात्यानी मंदिर के संचालक एवं वर्षित नागरिक कल्याण संगठन (रजि.) के अध्यक्ष श्री गुरविंदर सलूजा के संचालन में गरीब एवं असहाय वर्ग के व्यक्तियों के लिए विशाल कंबल वितरण एवं भोजन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 1000 जरूरतमंद व्यक्तियों को ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर लगभग इतने ही गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को खिचड़ी का प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया। इस सेवा कार्य में समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता देते हुए मानवीय संवेदना का सशक्त संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास जी, जगन्नाथ आश्रम के महंत लोकेश्वर दास जी, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान , मुनि की रेती नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती नीलम बिज्लवाण ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों ने संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभालते हुए सेवा कार्य को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। इस अवसर पर कर्नल कमल राणा, सत्येंद्र शर्मा, अशोक रस्तोगी, के.सी. जोशी, अरविंद जैन, आर.डी. गोनियल, दिनेश मुद्गल, नरेश गर्ग, मदन वालिया, नरेश दीक्षित, श्याम सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में गुरविंदर सलूजा ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षित नागरिक कल्याण संगठन भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए निरंतर सेवा कार्य करता रहेगा। मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सेवा और मानवीय मूल्यों का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।









