उत्तराखंडऋषिकेश

नगर निगम ऋषिकेश में URMP के तहत द्वितीय बहुहितधारक बैठक आयोजित

गंगा रंभा व चंद्रभागा के संरक्षण, बाढ़ नियंत्रण और सतत विकास पर हुआ मंथन

ऋषिकेश, 15 जनवरी, (दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के आई.एस.बी.टी. परिसर स्थित माननीय महापौर कार्यालय कक्ष में गुरुवार को शहरी नदी प्रबंधन योजना (Urban River Management Plan – URMP) के अंतर्गत द्वितीय बहुहितधारक कार्य समूह (MSWG) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर शम्भू पासवान ने की।

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत प्रवाहित गंगा, रम्भा एवं चन्द्रभागा नदियों के संरक्षण, उनके इको-सिस्टम को सुदृढ़ करने तथा शहर के सतत एवं पर्यावरणीय अनुकूल विकास को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

नदियों के संरक्षण पर विशेष जोर

बैठक में गंगा, रम्भा और चन्द्रभागा नदियों के जल को स्वच्छ बनाए रखने तथा संजय झील के प्राकृतिक स्वरूप को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने नदियों के पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

बाढ़ नियंत्रण हेतु ठोस रणनीति

बरसात के मौसम में संभावित बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की गई।

अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता

नदियों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि नगर निगम क्षेत्र का ठोस कचरा किसी भी स्थिति में नदियों में न जाए। इसके लिए अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई गई।

पर्यटन और रिवर फ्रंट विकास

बैठक में बैराज क्षेत्र के समीप बोटिंग (नौकायन) जैसी गतिविधियां शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होने की बात कही गई।

नए STP और मास्टर प्लान पर निर्णय

शहर की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्थापना तथा एक समग्र मास्टर प्लान तैयार करने का निर्णय लिया गया।

शासन को भेजा जाएगा ड्राफ्ट

बैठक में प्राप्त सुझावों एवं लिए गए निर्णयों के आधार पर एक विस्तृत ड्राफ्ट तैयार कर नमामि गंगे के माध्यम से अग्रिम कार्यवाही एवं अनुमोदन हेतु शासन को प्रेषित किया जाएगा।

बैठक में नगर आयुक्त श्री गोपाल राम बिनवाल, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकांत भट्ट सहित नमामि गंगे, जल संस्थान, पर्यटन विभाग, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button