
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): गंगोत्री विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, सुमन विहार, बापूग्राम में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश (जनपद देहरादून) का सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर आज रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रमोद मलासी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर विद्यार्थियों में अच्छी आदतों के विकास का माध्यम होते हैं। शिविर के दौरान घर से दूर रहकर विभिन्न समुदायों और वर्गों के बच्चों के साथ सामूहिक जीवन जीने से अनुशासन, सेवा भाव और एकता की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम अधिकारी श्री नरेंद्र सिंह रावत ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए गंगोत्री विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के समस्त विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर आयोजित कर यह विद्यालय समाज में जागरूकता फैलाने की अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
शिविर की संपूर्ण आख्या प्रस्तुत करते हुए स्वयंसेवी अंजलि नौटियाल ने बताया कि 9 जनवरी से 15 जनवरी तक चले इस शिविर में स्वयंसेवियों द्वारा निरंतर सामाजिक कार्य किए गए। शिविर का शुभारंभ प्रथम दिन वार्ड संख्या 31 की पार्षद सुश्री मुस्कान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्रों में अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभाग कर अपने अनुभव साझा किए।
सर्वेक्षण के माध्यम से स्वयंसेवियों ने पाया कि वार्ड संख्या 31 में लगभग 95 प्रतिशत नागरिक शिक्षित हैं। करीब 70 प्रतिशत लोग नगर निगम की कूड़ा व्यवस्था का उपयोग करते हैं तथा 63 प्रतिशत नागरिक कूड़ा प्रबंधन में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं, जिसमें गीला और सूखा कचरा पृथक देने को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही 98 प्रतिशत नागरिक अपने मताधिकार का पूर्ण उपयोग करते हैं और उनके मतदाता पहचान पत्र भी बने हुए हैं।
शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने नगर निगम के सहयोग से एक दिन कचरा वाहन के साथ ऋषिकेश नगर का भ्रमण किया। मुख्य मार्गों पर व्यापारियों से कचरा निर्धारित स्थान पर रखने की अपील की गई। इस दौरान नुक्कड़ नाटक एवं नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान भी शिविरार्थियों द्वारा संचालित किए गए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, सहयोगी श्रीमती माधुरी रावत, डॉ. त्रिलोक सोनी, श्रीमती विनय बौड़ाई, प्रांजल शर्मा, चमन सिंह, प्रबोध उनियाल, रामप्रसाद उनियाल, योगेश, प्रतिदिन की आख्या तैयार करने वाली अंजलि नौटियाल, हरिओम, आकाश कुमार, नगर निगम के सहयोगी, व्यायाम शिक्षक चमन सिंह, रवि, नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता, शगुन, विष्णु गुप्ता, विजय यादव, आकाश, मनीष आर्य, अमन, अनुज पाल, सुंदर राजपूत, अन्नू थापा, गौरी शर्मा, नंदनी सहित सभी स्वयंसेवी उपस्थित रहे।









