उत्तराखंडऋषिकेश

जनता मिलन कार्यक्रम में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सुनी भट्टोवाला–गुमानीवाला की समस्याएं

वन विभाग की कार्रवाई पर जताई सख्त आपत्ति, जनता को दिया आश्वासन

ऋषिकेश, 14 जनवरी(दिलीप शर्मा): गुमानीवाला स्थित हिमालय विद्यापीठ खेल मैदान में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भट्टोवाला एवं गुमानीवाला क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने वन विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर अपनी चिंताएं और परेशानियां उनके समक्ष रखीं।

डॉ. अग्रवाल ने मौके पर ही वन विभाग के पीसीएस अधिकारी श्री राजीव धीमान, डीएफओ श्री नीरज शर्मा एवं रेंजर धमंदा से फोन पर वार्ता की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुप्रीम कोर्ट का कोई भी ऐसा आदेश नहीं है, जिसके आधार पर वर्षों से निवास कर रही जनता को डराया जाए या परेशान किया जाए।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में लोग लंबे समय से निवास कर रहे हैं और पूर्व में सरकार द्वारा बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो इस बात का प्रमाण हैं कि यह सभी व्यवस्थाएं सरकारी तंत्र के अंतर्गत ही दी गई हैं। डॉ. अग्रवाल ने बिजली विभाग को भी निर्देशित किया कि बिना किसी लिखित आदेश के किसी भी नागरिक को बिजली कनेक्शन देने से इनकार नहीं किया जा सकता।

डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह उनका विधानसभा क्षेत्र है और उनके लिए जनता का हित सर्वोपरि है। अनावश्यक रूप से जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनता अकेली नहीं है, वह स्वयं उनके साथ खड़े हैं। यह लड़ाई एकजुट होकर लड़ी जाएगी और जनता के अधिकारों की पूरी मजबूती से रक्षा की जाएगी।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान किशोरी पैन्यूली, दीपक मेहर, रुकमा व्यास, दीपा राणा, गोविंद सिंह मेहर, मानवेंद्र कंडारी, सतपाल राणा, नितिन रावत, उमेद रांगड़, पंकज भट्ट, संगीता राणा, ओम प्रकाश अंथवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button