भारी बर्फबारी में फंसे सैकड़ों लोग सुरक्षित, SDRF की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा
नैनीताल, उत्तरकाशी व टिहरी के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से बाधित हुआ जनजीवन, SDRF ने चलाया समन्वित रेस्क्यू अभियान

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): दिनांक 23 जनवरी 2026 की रात्रि जनपद नैनीताल, उत्तरकाशी एवं टिहरी गढ़वाल के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुई भारी बर्फबारी के कारण विभिन्न स्थानों पर वाहन एवं यात्री फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) नैनीताल एवं जिला आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तत्काल रवाना किया गया।
SDRF की टीमों ने रामगढ़–मुक्तेश्वर तथा धानाचुली बैंड क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए बर्फ में फंसे वाहनों व यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। धानाचुली बैंड क्षेत्र में JCB मशीन की सहायता से सड़क से बर्फ हटाई गई, जिसके बाद लगभग 20 से 25 वाहनों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया गया।
इसी क्रम में SDRF पोस्ट घनसाली की टीम ने मयाली रोड, बडियार गांव के पास बर्फ में फंसे आठ व्यक्तियों को उनके वाहन सहित सुरक्षित रेस्क्यू कर घनसाली पहुँचाया। बताया गया कि ये सभी लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे और अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए थे।
इसके अतिरिक्त SDRF मुख्यालय उजेली, उत्तरकाशी की टीम ने लम्बगांव मोटर मार्ग के चौरंगी क्षेत्र में बर्फ में फंसे लगभग 75 लोगों को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
SDRF द्वारा सभी स्थानों पर समन्वित, सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई तथा सभी फंसे हुए लोग सुरक्षित हैं। SDRF की तत्परता और कुशल कार्यप्रणाली से एक बड़ा हादसा टल गया।









