
ऋषिकेश, 17 दिसंबर (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुमानीवाला क्षेत्र स्थित मनसा देवी फाटक पर गत रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों के परिजनों से एम्स ऋषिकेश पहुंचकर भेंट की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कोतवाल ऋषिकेश से दूरभाष पर वार्ता कर दुर्घटना के संबंध में त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान धीरज जयसवाल, हरिओम पांडे, कर्ण प्रसाद एवं सत्य कुमार के रूप में हुई है। डॉ. अग्रवाल ने प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर जिम्मेदार तत्वों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने का भी आग्रह किया।









