
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): पतंजलि योगपीठ के स्थापना दिवस के अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति ऋषिकेश द्वारा जिला प्रभारी श्रीमती सुनीता खंडूरी के नेतृत्व में सामुदायिक केंद्र, गुमानीवाला में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में तथा उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती कुसुम कंडवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वामी रामदेव ने बिना किसी जाति या भेदभाव के योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है, वहीं आचार्य बालकृष्ण ने आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि आज आयुर्वेदिक औषधियां हर घर का हिस्सा बन चुकी हैं।पूर्व केबिनेट मंत्री ने बताया कि वे स्वयं और उनका पूरा परिवार प्रतिदिन योग करते हैं तथा पतंजलि की औषधियों का उपयोग करते हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य उत्तम बना रहता है।

महिला आयोग की अध्यक्षा श्रीमती कुसुम कंडवाल ने अपने संबोधन में महिलाओं से आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं में अपने ऊपर हो रहे अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस होना चाहिए। महिलाएं परिवार और समाज की धुरी होती हैं, और जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी एक समृद्ध समाज की कल्पना साकार हो सकेगी।
पतंजलि योगपीठ की जिला प्रभारी श्रीमती सुनीता खंडूरी ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी सकारात्मक और संतुलित बनाता है।
कार्यक्रम का संचालन नीलम चमोली ने किया, जबकि अध्यक्षता हरविंदर कौर कालरा द्वारा की गई।
कार्यक्रम में रजनी विजयलवान, किरण श्रीवास्तव, रजनी धीमान, बीना चमोली, रुकमा व्यास, किशोरी पैन्यूली, बी.पी. खंडूरी, पुष्पा मित्तल, शिवम, अंजनी व्यास, पूनम व्यास सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









