उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेला 2026 सात दिनों तक जीरो वेस्ट थीम पर होगा आयोजित

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण बनीं मेलाध्यक्ष, चंद्रवीर पोखरियाल को सौंपी गई मेला संयोजक की जिम्मेदारी

मुनिकीरेती/टिहरी (दिलीप शर्मा): मुनिकीरेती-ढालवाला में आयोजित होने वाला क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेला 2026 इस वर्ष सात दिवसों तक भव्य, आकर्षक एवं जीरो वेस्ट थीम पर आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण को मेलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रवीर पोखरियाल को मेला संयोजक चुना गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि यह मेला क्षेत्रीय जनता का मेला है, जिसमें सभी वर्गों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय कलाकारों और स्थानीय महिलाओं को विशेष मंच व अवसर प्रदान किए जाएंगे, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा मिल सके।

 

क्रेजी फेडरेशन के संस्थापक अशोक क्रेजी ने बताया कि यह मेला देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की स्मृति में आयोजित किया जाता है। वहीं मेला संयोजक चुने गए चंद्रवीर पोखरियाल ने क्रेजी फेडरेशन संस्था द्वारा पूर्व में किए गए सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की जानकारी दी।

बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मेले को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। मनीष डिमरी ने शीघ्र मेला समिति के गठन का सुझाव दिया। राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने सात दिवसीय मेले की आवश्यकता बताते हुए योग कंसेप्ट, स्थानीय उत्पादों की बिक्री, लोकल दुकानदारों को प्राथमिकता तथा पहाड़ी ड्रेस कोड को मेले में शामिल करने का प्रस्ताव रखा।

पूर्व राज्य मंत्री रमेश उनियाल ने मेले के आयोजन में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। लोकगायक विनोद बिजल्वाण ने मेले में रचनात्मक गतिविधियों के साथ गणतंत्र दिवस पर विद्यालयों द्वारा सामूहिक ध्वजारोहण, निबंध एवं खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव दिया। सभासद विनोद खंडूड़ी ने नशा मुक्ति से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम व बैनर लगाने की बात कही।

बलदेव सिंह भंडारी ने मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की मांग की। अंकिता शर्मा ने स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाने का सुझाव देते हुए मेले के सहयोग हेतु ₹21,000 देने की घोषणा की। वहीं मधु रावत ने गढ़वाली रैंप शो आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चौहान सहित सभासदों, पूर्व मेला समिति सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button