एम्स ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर कार्यक्रम
जीवन के प्रति सकारात्मक रहें दिव्यांगजन - निदेशक एम्स


ऋषिकेश (दिलीप शर्मा) : अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर एम्स ऋषिकेश के भौतिक चिकित्सा एवं पुनर्वास विभाग (PMR) ने वर्ष 2025 की थीम “सामाजिक प्रगति के लिए दिव्यांगता समावेशी समाज का संवर्धन” पर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह, संकायाध्यक्ष अकादमिक प्रो. जया चतुर्वेदी और चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्यश्री मौजूद रहीं।
निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने दिव्यांगजनों से जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि संस्थान में रोबोटिक्स रिहेब्लिटेशन और बायोनिक हैंड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनसे दिव्यांगजन अपनी क्षमता पुनः प्राप्त कर सकते हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार यादव ने कहा कि पीएमआर विभाग दिव्यांगजनों को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने हेतु सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराता है। आवश्यकता पड़ने पर बाहरी सहायक उपकरणों की भी मदद दी जाती है।
कार्यक्रम में ALIMCO की ओर से करीब 20 दिव्यांग व्यक्तियों को वॉकर, ट्राइसाइकिल, कमोड चेयर और केन जैसे उपकरण वितरित किए गए। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंदुलेखा, डॉ. राहुल शर्मा और नीलाक्षी तंवर ने किया।









