
ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): श्यामपुर स्थित लक्कड़घाट क्षेत्र की गली नंबर तीन में आपूर्ति विभाग की टीम ने एक निर्माणाधीन भवन में छापा मारकर रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 146 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, पांच बिजली से चलने वाली रिफिलिंग किट, 15 रिफिलिंग बांसुरी और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।
यह कार्रवाई सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में क्षेत्र में लंबे समय से गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी की सूचना दी गई थी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली एवं शिवमोहन भट्ट के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम को देखते ही वहां मौजूद युवक मौके से फरार हो गए। तलाशी लेने पर मौके से 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा दो लोडर वाहनों में रखे गए 63 व्यावसायिक सिलेंडर भी जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि यहां घरेलू सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर व्यावसायिक सिलेंडरों में भरी जा रही थी और उसे ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा था। यह गतिविधि न केवल अवैध थी, बल्कि जान-माल के लिए भी गंभीर खतरा बनी हुई थी।
आपूर्ति विभाग की टीम ने सभी बरामद सिलेंडरों को ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षित जमा करा दिया है। वहीं, मौके से मिले दोनों लोडर वाहनों को क्रेन की सहायता से आईडीपीएल पुलिस चौकी पहुंचाया गया।
इस संबंध में ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री या रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग या सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।









