उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार: भारत माता मंदिर में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि व प्रतिमा का हुआ अनावरण, तीन दिवसीय समारोह संपन्न

राजनाथ सिंह, योगी, धामी सहित कई दिग्गजों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, गंगा तट पर हुआ भव्य आयोजन

हरिद्वार, (दिलीप शर्मा): सप्तऋषि क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर परिसर में ब्रह्मलीन परम पूज्य गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज की समाधि मंदिर एवं प्रतिमा स्थापना के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य समारोह का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। समापन अवसर पर समाधि मंदिर एवं प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य अतिथियों ने समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

देशभर से पहुंचे संत, धर्मगुरु व जनप्रतिनिधि

तीन दिवसीय आयोजन में देशभर से संत-महात्मा, धर्मगुरु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनीतिक नेतृत्व की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र चेतना, सनातन संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा तथा मानव सेवा जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

राजनाथ सिंह बोले — संस्कृति की रक्षा भी राष्ट्र रक्षा का हिस्सा

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस पावन अवसर पर उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां गंगा को नमन करते हुए ऋषि-मुनियों की परंपरा को नमन किया।

उन्होंने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज आज भले ही हमारे बीच शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनकी साधना और विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा उनके जीवन मूल्यों को पुनर्जीवित करने का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक जड़ों की रक्षा भी उतनी ही आवश्यक है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया विकास और विरासत का संतुलन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि भारत माता मंदिर के माध्यम से राष्ट्र प्रेम और सांस्कृतिक गौरव को साकार रूप मिला। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिल रही है और उत्तराखंड विकास व विरासत के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने बताया राष्ट्रीय एकता का प्रतीक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी सनातन परंपरा के सशक्त ध्वजवाहक थे। करुणा, मैत्री और राष्ट्रभक्ति उनके जीवन के प्रमुख मूल्य थे।

उन्होंने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह मंदिर पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।

खट्टर बोले — संत समाज से मिलती है प्रेरणा

केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि संत समाज से उन्हें सदैव मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलती रही है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर श्री अवधेशानंद गिरि महाराज, कार्ष्णि पीठाधीश्वर स्वामी गुरु शरणानंद जी महाराज, सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, विधायक श्री प्रेमचंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रद्धा, संस्कृति और राष्ट्र चेतना का संगम बना आयोजन

तीन दिवसीय यह आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और राष्ट्र चेतना का अनुपम संगम साबित हुआ। समाधि मंदिर एवं प्रतिमा स्थापना के माध्यम से स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज के विचारों और आदर्शों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button