उत्तराखंडऋषिकेश

केंद्र बजट उत्तराखंड के विकास के लिए मील का पत्थर : महेंद्र भट्ट

किसानों, युवाओं, पर्यटन और लघु उद्योगों को मिलेगा विशेष लाभ, नई योजनाओं से बढ़ेगा रोजगार

ऋषिकेश, (दिलीप शर्मा): भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के बजट को उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए इसे राज्य के भविष्य को नई दिशा देने वाला करार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं, पर्यटन और लघु व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त करेगा तथा राज्य में रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा करेगा।

वाइट – महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा

उत्तराखंड के पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

महेंद्र भट्ट ने बताया कि बजट में उत्तराखंड के 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास की योजना को शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत सड़कों, होटलों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि होमस्टे योजना को मुद्रा ऋण से जोड़ने से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

किसानों को मिलेगा आर्थिक संबल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि किसानों के हित में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना लागू की गई है, जिससे देशभर के 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे किसानों को खेती और संबंधित कार्यों के लिए अधिक पूंजी उपलब्ध हो सकेगी।

लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन

बजट में लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए बिना गारंटी ऋण की सीमा 10 करोड़ रुपये तय की गई है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छोटे व्यापारियों को यूपीआई से जुड़े क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 30 हजार रुपये तक का ऋण मिलेगा, जिससे उनका कारोबार और अधिक मजबूत होगा।

स्वास्थ्य और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा

स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती देते हुए 36 जीवनरक्षक दवाओं को सीमा शुल्क से मुक्त किया गया है, जिससे आम जनता को सस्ती दवाएं उपलब्ध होंगी।

वहीं, फ्रोजन मछली के पेस्ट पर सीमा शुल्क घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने से मत्स्य पालन उद्योग को विशेष लाभ मिलेगा।

शहरी विकास और हवाई कनेक्टिविटी पर जोर

शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ रुपये की शहरी चुनौती निधि का प्रावधान किया गया है। इससे शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

उड़ान योजना के तहत 120 नए गंतव्यों को जोड़ने से उत्तराखंड के कई क्षेत्रों को हवाई संपर्क मिलेगा, जिससे पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी।

 

उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक बजट : प्रेमचंद अग्रवाल

ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने बजट को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों को इससे विशेष लाभ मिलेगा।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम : राजेंद्र तड़ियाल

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को मजबूत करता है और उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

ये रहे उपस्थित जनप्रतिनिधि

इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान, पूर्व महापौर अनीता मंमगाई, जिला महामंत्री प्रतीक कालिया, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, संजय व्यास, संदीप गुप्ता सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button