उत्तरकाशीऋषिकेशजनहित

वन भूमि प्रकरण पर सरकार गंभीर, किसी परिवार को उजड़ने नहीं देंगे : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

बापू ग्राम की जनसभा में विधायक ने दिया आश्वासन, कैबिनेट में जल्द रखे जाने की कही बात

ऋषिकेश, 29 मई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बीस बीघा (बापू ग्राम) में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र में चल रहे वन भूमि प्रकरण पर राज्य सरकार की गंभीरता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित में सकारात्मक समाधान की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वह लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस विषय पर संवाद बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विषय शीघ्र ही राज्य कैबिनेट में विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि बापू ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले 75 से 80 वर्षों से निवास कर रहे लगभग 15 से 20 हजार परिवारों, जिनकी आबादी करीब 60 हजार है, के भविष्य को सुरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी परिवार को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सदैव जनभावनाओं के प्रति संवेदनशील रही है और इस मामले में भी सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी, विनीता बिष्ट, जगदीश भंडारी, हेमलता चौहान, विजयलक्ष्मी नौटियाल, सुयश मिश्रा, प्रमिला त्रिवेदी, ममता नेगी, शांति देवी, सुनीता रावत, सुमन रावत, अशोक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button