
ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल,29 मई(दिलीप शर्मा): थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत बद्रीनाथ मार्ग स्थित सिंगटाली पुल के समीप गंगा नदी में लापता हुए एक महिला एवं एक पुरुष की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) द्वारा दूसरे दिन भी व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को मेरठ से आए छह लोगों का एक समूह सिंगटाली पुल क्षेत्र में घूमने एवं स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान समूह के एक पुरुष एवं एक महिला का नदी में स्नान करते समय संतुलन बिगड़ गया और वे गंगा के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला एवं ब्यासी टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया।
डीप डाइवर्स ने नदी की गहराइयों में की तलाश
एसडीआरएफ द्वारा दूसरे दिन सर्च अभियान को और अधिक तेज एवं व्यापक रूप से संचालित किया गया। टीम के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स ने स्कूबा डाइविंग के माध्यम से नदी की गहराइयों में गहन तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही आधुनिक सर्च एवं रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की गई।
राफ्ट की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों एवं डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में भी व्यापक सर्चिंग अभियान संचालित किया गया, ताकि लापता व्यक्तियों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
अभी तक नहीं मिला कोई सुराग
एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास एवं संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। समाचार लिखे जाने तक दोनों लापता व्यक्तियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। एसडीआरएफ का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
नदी में स्नान के दौरान सतर्कता बरतने की अपील
एसडीआरएफ ने आमजन एवं पर्यटकों से अपील की है कि गंगा नदी एवं अन्य जलधाराओं में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें। तेज बहाव एवं गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों के लिए लगातार सतर्क एवं तत्पर हैं।









