ऑपरेशन प्रहार के तहत मुनि की रेती पुलिस को बड़ी सफलता, स्कूटी चोरी का खुलासा
50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद

मुनिकीरेती/टिहरी,29 मई(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना मुनि की रेती पुलिस ने स्कूटी चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 28 मई को खीरी (उत्तर प्रदेश) निवासी अक्षय श्रीवास्तव ने थाना मुनि की रेती में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने देहरादून से किराये पर ली गई स्कूटी संख्या UK07TD-5562 को जानकी पुल के पास खड़ा किया था, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना मुनि की रेती में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में गठित विशेष पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने क्षेत्र में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी ले जाते हुए दिखाई दिया।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 29 मई को खारास्त्रोत स्थित वाइन शॉप के निकट से आरोपी सौरभ कुमार (24 वर्ष) निवासी धर्मुचक, थाना डोईवाला, जनपद देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्कूटी चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
सौरभ कुमार (24 वर्ष) पुत्र मनीष कुमार, निवासी धर्मुचक, थाना डोईवाला, जनपद देहरादून।
बरामदगी
- स्कूटी संख्या UK07TD-5562
- अनुमानित कीमत लगभग ₹1 लाख
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक अरविंद रतूड़ी
- कांस्टेबल कपिल देव
- कांस्टेबल नीरज
- कांस्टेबल सिंह राज
- कांस्टेबल कुलवीर
जनसहयोग की अपील
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनसुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।










