सिंगटाली पुल हादसा: गंगा में डूबे दो लोगों में से एक का शव बरामद, महिला की तलाश जारी
एसडीआरएफ का तीसरे दिन भी चला सर्च ऑपरेशन, शिवपुरी के पास मिला मेरठ निवासी का शव

ऋषिकेश, 30 मई(दिलीप शर्मा): थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली पुल के समीप गंगा नदी में डूबे दो व्यक्तियों की तलाश में चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान एसडीआरएफ को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अभियान के तीसरे दिन एक व्यक्ति का शव बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि दूसरी लापता महिला की तलाश अभी भी जारी है।
एसडीआरएफ के अनुसार, 28 मई को सिंगटाली पुल क्षेत्र में गंगा नदी में दो लोगों के डूबने की सूचना के बाद से लगातार खोज एवं बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान में स्कूबा डाइवर्स, राफ्ट टीम तथा आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों की सहायता से नदी के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में गहन तलाशी ली जा रही है।
शिवपुरी क्षेत्र में मिला शव
शनिवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ टीम ने शिवपुरी क्षेत्र के निकट गंगा नदी से एक शव बरामद किया। मृतक की पहचान नरेश उपाध्याय (42 वर्ष) पुत्र निवासी जागेठी गांव, थाना काकरखेड़ा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त किए जाने के बाद एसडीआरएफ ने आवश्यक कार्रवाई हेतु शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
महिला की तलाश में जुटी है एसडीआरएफ
घटना में लापता दूसरी व्यक्ति ऋतु माहेश्वरी (30 वर्ष) पत्नी वांशिक माहेश्वरी, निवासी मेरठ की तलाश अभी भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम गंगा नदी के विभिन्न क्षेत्रों में संभावित स्थानों पर लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है। अभियान में स्कूबा डाइविंग, राफ्टिंग एवं अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
प्रशासन और परिजनों के साथ समन्वय
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि परिजनों एवं स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। लापता महिला की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।
एसडीआरएफ उत्तराखण्ड का ध्येय वाक्य — “सेवा, सुरक्षा एवं मानवता के लिए सदैव तत्पर” — इस अभियान में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ दिखाई दे रहा है।










