उत्तराखंडटिहरी गढ़वालपुलिस बुलेटिन

ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

100 पेटी अवैध अंग्रेजी बीयर के साथ तस्कर गिरफ्तार, पर्यटन क्षेत्रों में खपाने की थी तैयारी

नई टिहरी, 30 मई(दिलीप शर्मा): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बीयर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी सीज कर लिया।

गुजराडा रोड पर चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में शनिवार को कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस, सीआईयू और एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा गुजराडा रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप लोडर वाहन संख्या UK07 CD 3293 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन से 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बीयर बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि शराब की खेप को यात्रा मार्ग के साथ-साथ धनोल्टी और कानाताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में अवैध रूप से खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

हरिद्वार निवासी आरोपी गिरफ्तार

मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय सिंह (28 वर्ष) पुत्र करण सिंह, निवासी ग्राम कमगारपुर, थाना मंडावली, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी महादेवपुरम, डेंसो चौक, सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 एवं 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संयुक्त टीम ने दिया अभियान को अंजाम

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक यशवंत खत्री, हेड कांस्टेबल रामकुमार, हेड कांस्टेबल दीपक गॉड, उप निरीक्षक ओमकांत, अपर उप निरीक्षक सुंदर, हेड कांस्टेबल विकास सैनी, कांस्टेबल आशीष नेगी (सीआईयू )तथा एएनटीएफ के अपर उप निरीक्षक कपिल शामिल रहे।

नशा तस्करों पर जारी रहेगा शिकंजा

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध शराब, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button