उत्तराखंडजनहितटिहरी गढ़वाल

घनसाली में केंद्रीय विद्यालय खोलने की कवायद तेज

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों को अग्रिम कार्यवाही के दिए निर्देश, अभिभावकों और शिक्षकों से भी ली जाएगी राय

टिहरी गढ़वाल, 1 जून(दिलीप शर्मा): घनसाली क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इस संबंध में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि घनसाली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज गुमेटीधार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) घनसाली में मर्ज किए जाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गुमेटीधार के भवन एवं उपलब्ध आधारभूत संरचना को केंद्रीय विद्यालय के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी मंथन किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी मौजूद हैं, जिससे यह परिसर केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित योजना के संबंध में अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी राय और सुझाव प्राप्त किए जाएं। उन्होंने सभी आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में नगर पंचायत घनसाली के अध्यक्ष आनंद बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी सुमेर कैन्तुरा, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप थपलियाल तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button